पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जनगणना के लिए फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण में मंडलायुक्त ने देश के विकास के लिए जनगणना काे महत्वपूर्ण बताया। कहा कि जनगणना के आधार पर ही सरकार विकास से संबंधित योजनाएं तैयार करती हैं।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने कहा कि जनगणना का उद्देश्य एवं उसका महत्व भली-भांति समझ लेना चाहिए। यदि किसी को कोई दुविधा या असमंजस हो तो संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर लें। उन्होंने कहा कि जनगणना के बाद प्रत्येक प्रगणक को क्षेत्र आवंटित किया जाता है, जिसमें वे घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार का सर्वे कर सभी आवश्यक जानकारियां एकत्र करते हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य त्रुटिरहित होना चाहिए। किसी भी परिवार की जानकारी अधूरी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने जनगणना से संबंधित सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य दो चरणों में सम्पन्न किया जाएगा। प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण एवं गणना 22 मई से 20 जून तक की जाएगी। इसके पहले सात से 21 मई तक नागरिकों को स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित विवरण स्वयं दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य 28 फरवरी 2027 तक संपन्न कराया जाएगा।
प्राथमिकता पर करें राजस्व वादों का निस्तारण
मंडलायुक्त ने डीएम कार्यालय में सभी एसडीएम, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), तहसीलदार और नायब तहसीलदार के साथ बैठक कर राजस्व विभाग की धारा-24, धारा-34, धारा-80 सहित अन्य राजस्व वादों की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया। एसआईआर की समीक्षा में मैपिंग के बाद जारी नोटिस के मामलों में संबंधित से फार्म भरवाकर पेंडेंसी समाप्त करने की हिदायत दी। 10 से कम फार्म भरे गए बूथों को चिह्नित करने के लिए कहा। कहा कि संबंधित बीएलओ को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने सांसद, विधायक, पूर्व सांसद-विधायक एवं अन्य विशिष्ट व्यक्तियों के परिवारों को भी चिह्नित करने तथा उनके परिवार के किसी भी सदस्य का नाम मतदाता सूची से छूटने न देने के निर्देश दिए। साथ ही 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं को विशेष रूप से सूची में जोड़ने पर बल दिया। इस दौरान फार्म-8, एनआरआई, ईपी रेशियो आदि की भी समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के पहले मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण करते हुए विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एडीएम न्यायिक प्रेम कुमार राय आदि मौजूद रहे।