नेबुआ नौरंगिया। थाना क्षेत्र के नौरंगिया बाजार में सोमवार को भाभी को स्कूटी से लेकर जा रहे युवक की बाइक की सामने आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। इसमें देवर-भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोग उन्हें कोटवा सीएचसी भेजवाए, जहां डॉक्टर ने देवर को मृत घोषित कर भाभी की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। वहां उनका इलाज चल रहा है। नौरंगिया गांव निवासी अरुण तिवारी स्कूटी पर भाभी मीना तिवारी को लेकर नौरंगिया चौराहा स्थित अपने किराने की दुकान पर जा रहे थे। पडरौना-पनियहवा मार्ग पर सेखुई की तरफ जा रहे बाइक सवार रामप्रवेश व शेषनाथ, निवासी सेखुई खास की बाइक से भिड़ंत हो गई। इसमें अरुण और उनकी भाभी मीना गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं।