पिपरा कनक। चौराखास थाना क्षेत्र के गांव अमवा महंथ के पास फाजिलनगर-समउर मार्ग पर छात्रा के घर से विद्यालय तक पीछा कर रहे बाइक सवार तीन युवकों ने उसकी स्कूटी में ठोकर मार दी। इससे छात्रा गिर गई और शोर मचाने पर शोहदे बाइक लेकर फाजिलनगर की ओर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा से पूछताछ की। शाम तक शोहदों का पता नहीं चल सका था। समउर बाजार की एक छात्रा फाजिलनगर स्थित एक विद्यालय में स्कूटी से जाती है। छात्रा ने बताया कि सुबह जब वह घर से निकली तो बाइक सवार युवक उससे मोबाइल नंबर मांग रहे थे। इसका विरोध करते हुए डांटा तो बाइक चले गए। इसके बाद छात्रा विद्यालय चली गई, लेकिन जब शाम को लौटते समय तीनों युवक उसी बाइक से उसका पीछा करने लगे। यह देखकर वह सहम गई। वह अमवा महंथ गांव के पास पहुंची कि बाइक सवार ने उसकी स्कूटी में ठोकर मार दी। इससे वह गिर गई।
शोर मचाने पर युवक बाइक लेकर फाजिलनगर की ओर फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस को सूचित किया। पीआरवी पुलिस ने जांच की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विद्याधर कुशवाहा ने बताया कि अभी कोई सूचना नहीं मिली है। पीआरवी पुलिस से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।