हाटा। कोतवाली क्षेत्र के पोखरभिंडा गांव में बुधवार सुबह युवती का शव कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोखरभिंडा के जवाहर गुप्ता मुंबई में रहते हैं। कुछ दिन पूर्व ही वह बेटी नीलम गुप्ता (22) के साथ गांव आए थे। घर वालों ने बताया कि बुधवार सुबह नीलम के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर जंगले से कमरे में देखा। नीलम का शव पंखे से फंदे के सहारे लटका दिखा। इससे परिवार में चीख-पुकार मच गई। थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।