तिवारी पट्टी/दुदही। बिहार के गोपालगंज के रहने वाले युवक का शव सेवरही-पडरौना मार्ग पर मंगलवार सुबह करीब सात बजे गौरी जगदीश गांव के पास सड़क किनारे मिला। इसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।
बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाने के खालवा गांव निवासी 25 वर्षीय प्रदीप कुमार शाह पुत्र मैनेजर मद्धेशिया हाल ही में तमिलनाडु से लौटा है। वह अपनी बहन के घर सेवरही थाना क्षेत्र के पकड़ियार पश्चिमपट्टी गांव आया हुआ था। शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिवार के लोगों ने बताया कि सोमवार की शाम करीब छह बजे प्रदीप अपने जीजा सुनील गुप्ता से यह कहकर घर से निकला था कि वह किसी पार्टी में जा रहा। एक घंटे में वापस लौट आएगा।
देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पूरी रात खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सेवरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। प्रदीप के जीजा सुनील गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में पोस्टमार्टम कराकर मौत के वास्तविक कारणों की जांच कराने की मांग की है। सेवरही थाना प्रभारी धीरेंद्र राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।