कोटवा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बगलहां में रविवार की देर रात दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति की मौत के बाद गांववालों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर सोमवार को बिहारीछपरा चौराहे पर घुघली-कोटवा मार्ग जाम कर दिया। ये लोग सीएचसी प्रभारी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। एसडीएम के आश्वासन पर तीन घंटे बाद यातायात जाम समाप्त हुआ।
रविवार की देर रात मठिया आलम-बिहारीछपरा मार्ग पर पैदल जा रहे बगलहां निवासी नागेंद्र पुत्र नान्हू यादव उम्र 22 वर्ष और जगदीश पुत्र सत्तन उम्र 20 वर्ष को बाइकसवार ने ठोकर मार दिया था। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को नेबुआ नौरंगिया सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इनमें से नागेंद्र की रास्ते में मौत हो गई, जबकि जगदीश का इलाज गोरखनाथ अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सोमवार की सुबह तकरीबन साढ़े नौ बजे मृतक के परिवारवाले और गांव के लोग नागेंद्र का शव टेलर पर रखकर सीएचसी पहुंचे। इन लोगों ने रात को सीएचसी में डॉक्टरों के मौजूद न रहने का आरोप लगाते हुए प्रभारी चिकित्साधिकारी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उसके बाद शव रखकर घुघली-कोटवा मार्ग पर यातायात जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारी सीएचसी प्रभारी को निलंबित करने, मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने तथा घायल जगदीश का समुचित इलाज कराने की मांग कर रहे थे। जाम के कारण करीब तीन घंटे तक इस मार्ग पर आवागमन ठप रहा। सूचना मिलने पर करीब साढ़े बारह बजे एसडीएम खड्डा जयचंद पांडेय पहुंचे और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। सीओ खड्डा रामबहादुर सिंह की मौजूदगी में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सड़क जाम के दौरान एसओ नेबुआ नौंरगिया नवीन सिंह एवं हनुमानगंज अजय कुमार सिंह, खड्डा गजेंद्र राय सहित काफी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद थे। इस दौरान ज्ञानप्रकाश, सत्यपाल यादव, इंद्रजीत यादव, मोती, शेषनाथ यादव, अभिषेक यादव, विजय कुमार मिश्रा, रमाशंकर कुशवाहा, बृंदा प्रसाद, सुभाष साहनी, मदन यादव, संजय यादव, आमोद कुमार आदि मौजूद थे। इन लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सीएचसी पर डॉक्टर उपस्थित नहीं रहते हैं।