हाटा। क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़ी तीन महत्वपूर्ण सड़कों का दोबारा निर्माण कराया जाएगा। इन सड़कों को फोरलेन से जोड़ा जाएगा। इस निर्माण कार्य पर तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। काम पूरा होने के बाद लोगाें को आवागमन में हो रही परेशानी दूर हो जाएगी। शासन ने इन सड़कों के निर्माण कार्य की स्वीकृति देते हुए पीडब्ल्यूडी को कार्यदायी संस्था नामित किया है।
एनएच-28 से निकलकर पिपरा-कपूर संपर्क मार्ग, पट्टन पूरब टोला संपर्क मार्ग और लोहेपार उपाध्याय टोला संपर्क मार्ग काफी दिनों से बदहाल हैं। सड़क की मरम्मत नहीं होने से इस पर जगह-जगह बने गड्ढों में हल्की बारिश होने पर पानी भर जाता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होने के साथ दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और व्यापारियों को उठानी पड़ती है। क्षेत्र के इन महत्वपूर्ण सड़कों के नए सिरे से निर्माण के लिए गांव के लोग काफी समय से मांग कर रहे थे। इसके लिए लोग हाटा विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को कई बार मांग पत्र भी दे चुके थे। लोगों की इस समस्या काे गंभीरता से लेते हुए हाटा विधायक मोहन वर्मा ने इन तीनों सड़कों के नवनिर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था।
उनकी पहल पर शासन ने इन तीनों सड़कों के निवनिर्माण की स्वीकृति दे दी है। इन सड़कों के निर्माण के लिए शासन ने पीडब्ल्यूडी को कार्यदायी संस्था नामित किया है। विधायक ने कहा कि एनएच-28 से पिपरा कपूर मार्ग, पट्टन पूरब टोला मार्ग और लोहेपार उपाध्याय टोला मार्ग के निर्माण की स्वीकृति मिली है। इसके निर्माण के लिए शासन ने पीडब्ल्यूडी को कार्यदायी संस्था नामित किया है। निर्माण कार्य शुरू करने के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।