पुलिसकर्मी बनकर कीर्तन मंडली से ठगी
- तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के लवकुश पश्चिम पट्टी गांव के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सेमरा वनस्पति माई स्थान परिसर में कीर्तन मंडली शुक्रवार की शाम ठगी की शिकार हो गई। जालसाज ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर कीर्तन मंडली के सदस्यों की तलाशी के दौरान झोला लेकर भाग गया। झोले में 10 जोड़ी पीतल का झाल रखा हुआ था।
ग्राम पंचायत देवपोखर के नरसिंह शर्मा, शिवनाथ प्रजापति, आत्मा कुशवाहा, मैनेजर प्रजापति व ग्राम पंचायत लवकुश पूरब पट्टी के शिवनारायण कुशवाहा आदि लोग अपने सहयोगियों के साथ सेमरा स्थित वनस्पति माई के स्थान परिसर में कीर्तन गाने जा रहे थे। अभी वे लोग लवकुश पश्चिम पट्टी गांव के पास पहुंचे ही थे, कि पहले से मौजूद एक युवक ने उनको रोक लिया। उसने खुद को सादे कपड़े में तैनात पुलिसकर्मी बताते हुए मंडली के लोगों के झोलों की तलाशी शुरू कर दी। उनको धमकाया कि झोले में गांजा है। उसकी बातों में आकर कीर्तन मंडल के सदस्यों ने जालसाज युवक को अपना झोला दे दिया। तलाशी लेने के बहाने वह झोला लेकर भाग निकला। इस संबंध में तुर्कपट्टी एसएचओ आशुतोष सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।