लार। नगर पंचायत लार के कई वार्डो में कुत्तों का आतंक काफी बढ़ गया है। आए दिन राहगीरों व बकरियों को अपना निशाना बना रहे है। झुंड बनाकर दर्जनों की संख्या में कुत्ते नगर की गलियों में घूम कर आतंक मचा रहे हैं। ताजा मामला बुधवार की सुबह का है।
शास्त्री नगर वार्ड में 6 लोगों सहित 2 बकरियों को कुत्ते ने काट लिया। जिसमें एक लड़का आकिब आलम घर के पास के ही किराने की दुकान से कुछ सामान खरीदने घर से निकला था कि अचानक ही कुत्तों के एक झुंड ने हमला कर दिया, अभी आकिब आलम कुछ समझ पाता तब तक कुत्ते ने उसके दाहिने पैर पर काट दिया।
वहीं शास्त्री नगर वार्ड निवासी जफर इकबाल की लड़की सबा तबस्सुम अपनी बकरियों को खेतों में चराने के लिए घर से सुबह निकली थी कि रास्ते में एक कुत्ते ने उस लड़की पर हमला करके कमर व हाथ पर काट दिया। उसके 2 बकरी को पैर व कान पर काट कर भाग गए।
उधर नगर के एक निजी स्कूल पढ़ने जा रही 2 बच्चियां अभी चौक में पहुंची ही थी कि कुत्तों के झुंड ने बच्चियों पर हमला कर दोनों बच्चियों को काट दिया। बच्चियों की रोने की आवाज सुनकर आस पास के लोग वहां पहुंचे तो कुत्ते वहां से भाग निकले। मौजूद लोगों ने बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचाया। जहां मरहम पट्टी कर डॉक्टरों ने टेटनस का इंजेक्शन लगा व एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगा कर घर भेज दिया।बुधवार को दोपहर में चौक के रास्ते से 2 महिलाएं गुजर रहीं थी कि अचानक एक कुत्ते ने दोनों महिलाओं को काट दिया। वहीं शास्त्री नगर वार्ड निवासी मुख्तारुल हक ने कहा कि नगर के कुत्ते खूंखार हो गए है। हम लोगों को घर से निकलने में डर लगने लगा है। आवारा कुत्तों को पकड़ कर कही अन्य जगह भेज देना चाहिए। मोजाहिद खान का कहना है कि कुत्ते रात को इतना भौंकते है कि रात में लोगों का सोना मुश्किल हो गया है।