पडरौना नगर के घासी टोला में तैनात पुलिसकर्मी।
पडरौना। युवती को भगाकर शादी करने वाले युवक के रिश्तेदार और युवती के घर वालों में बुधवार की देर शाम पंचायत के दौरान मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को जेल भिजवा दिया है। तनाव को देखते हुए दूसरे दिन भी दोनों पक्षों के दरवाजे पर पुलिस तैनात रही। पूरी रात पुलिस के आला अफसर कोतवाली से घटनास्थल तक दौड़ते रहे। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर आठ लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
रामकोला थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव के रहने वाले मनीष की बहन की शादी शहर के घासी टोला में गुड्डू के भाई से हुई है। बहन के पड़ोसी के घर की एक युवती से मनीष की नजदीकी बढ़ गई। दोनों ने दिसंबर में भागकर शादी रचा री। युवती के घर वालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था और मनीष की बहन के घर से तनातनी बढ़ गई। कुछ दिन बाद मनीष युवती को लेकर आया और दोनों एक साथ रहने लगे। बुधवार को तंज कसने को लेकर मनीष की बहन और युवती के परिवार वालों से विवाद हो गया। मोहल्लों के हस्तक्षेप से पंचायत भी हुई, लेकिन बात बिगड़ती चली और देर शाम को दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो और मारपीट भी हुई।
इसकी जानकारी मिलते ही घासी टोला पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस मौके से कई लोगों को रात में हिरासत में ले लिया। देर रात तक कोतवाली से लेकर घटनास्थल तक एएसपी रिश्तेश सिंह, सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय पुलिस बल के साथ जमे रहे। पुलिस इस मामले में गुड्डू साहनी की तहरीर पर चार महिला समेत आठ लोगों पर मारपीट का केस दर्ज किया है। सीओ अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि आरोपी इकबाल, असगर, नूर हसन, निजामुद्दीन को जेल भेज दिया गया। बाकी चार महिलाओं की गिरफ्तारी नहीं हुई है। केस की विवेचना की जा रही है। घटना में शामिल आरोपियों का नाम और बढ़ सकता है। तनाव को देखते हुए दोनों परिवार के दरवाजे पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।