फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मारपीट के बाद दो वर्गों में तनाव

Mon, 11 Jul 2016 10:50 PM IST
kushinagar
विज्ञापन
अपराध् - फोटो : santosh verma
विज्ञापन
तुर्कपट्टी। रविवार की रात तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के छहूं गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में खाना खाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद दो वर्गों के लोगों में मारपीट हो गई। देर रात घटी घटना में एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए। सोमवार की सुबह भी दूसरे पक्ष के युवकों ने इस मामले को लेकर एक युवक की पिटाई कर दी। गांव से 11 लोगों को शांतिभंग की आशंका में जेल भेजा गया है। एहतियात के तौर पर गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
विज्ञापन


रविवार की रात छहूं गांव में एक व्यक्ति के यहां बारात आई थी। गांव का ही युवक राजू पुत्र देवधारी वहां खाना खा रहा था। बगल में उसी गांव के दूसरे वर्ग के कुछ युवक भी खाना खा रहे थे। रात करीब 11 बजे राजू और दूसरे वर्ग के युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। खाना खाकर घर वापस लौट रहे राजू को दूसरे वर्ग के युवकों ने रास्ते में घेरकर पीट दिया। हल्ला सुनकर अन्य लोग भी जुटे। बवाल बढ़ते देखकर किसी ने 100 नम्बर पर डॉयल कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। थोड़ी देर बाद ही सीओ सदर शशिशेखर सिंह और तुर्कपट्टी के प्रभारी एसओ देवेंद्र सिंह समेत कई थानों की फोर्स गांव पहुंच गई। पुलिस वालों ने किसी तरह बीच-बचाव कराकर मामला शांत करा दिया।

सोमवार की सुबह दूसरे पक्ष के युवकों ने रात वाली घटना को लेकर ही रूपेश नाम के एक बालक को पीट दिया। इसकी जानकारी होते ही गांव का माहौल फिर गरमाने लगा। छहूं चौराहे के दुकानदारों ने विरोध में दुकानें बंद कर दीं। जानकारी होने पर फिर पहुंची तुर्कपट्टी पुलिस ने मामले को शांत कराने का प्रयास शुरू किया। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद मौके पर पीएसी की एक टुकड़ी भेजी गई। मामला शांत कराने के बाद एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने एक पक्ष से पांच लोगों को तथा दूसरे पक्ष से छह लोगों को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार किया है। इस संबंध में प्रभारी एसओ देवेंद्र सिंह का कहना है कि गांव में फिलहाल शांति है। दोनों पक्षों से कोई तहरीर नहीं मिली है। 11 लोगों को शांतिभंग की आशंका में जेल भेजा गया है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है।
विज्ञापन


आज गांव जाएगा भाजपा प्रतिनिधि मंडल 
तुर्कपट्टी। छहूं गांव में बिगड़े माहौल और पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को गांव जाएगा। क्षेत्र के भाजपा विधायक गंगा सिंह कुशवाहा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही समेत कई और वरिष्ठ पदाधिकारी पीड़ित लोगों से मिलेंगे। जरूरत पड़ी तो गांव से लौटने के बाद भाजपा नेता वरिष्ठ प्रशासनिक अफसरों से मिलकर गांव में हुई घटना की जानकारी देंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें