पटहेरवा। पटहेरवा पुलिस ने शनिवार को चोरी की एक लग्जरी कार से दस किलोग्राम गांजा व अन्य सामान के साथ दो अंतरराजीय चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस बरामद गांजा को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी है।
थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब 11 बजे संदिग्ध वाहन जांच के दौरान एक लग्जरी कार आती दिखी। उसे रोकने के दौरान चालक वाहन सहित भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। कार की तलाशी के दौरान उसमें 10 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के वाहन पर फर्जी नंबर लगाकर घटना को अंजाम देते हैं। चोरी की गाड़ियों को अच्छा दाम मिलने पर फर्जी आरसी तैयार कर दूसरे राज्यों में बेच दिया जाता है। इनके कब्जे से पुलिस ने चोरी की स्कार्पियो, चोरी के उपकरण आरसीएमबिएस-6 गाड़ियों को खोलने वाला सामान, एक ओबीडीटू, एक लाॅक, तीन फर्जी आरसी, फर्जी डीएल, 10.248 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान खलीलुर रहमान खान निवासी कोकिला मौलवी पडा थाना अभयपूरी जनपद बोगई गांव, आसाम और रामप्रताप सिंह निवासी विश्रामपुर थाना लालूम जनपद लखिमा असम के रूप में हुई है। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।