सलेमगढ़। तरयासुजान थाना क्षेत्र के हफुआं चतुर्भुज के समीप तरयासुजान पुलिस ने मंगलवार की देर रात घेराबंदी कर तीन पिकअप पर लदे दस पशुओं को बरामद कर लिया। पुलिस ने चार पशु तस्करों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
तरयासुजान थाना क्षेत्र के बार्डर इलाके से गोवंश पशुओं की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस को सूचना मिली कि हफुआं चतुर्भुज गांव के के रास्ते पिकअप से पशुओं को लेकर तस्कर बिहार जाने वाले हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। सलेमगढ़ मियां टोला गांव की ओर से तेज रफ्तार तीन पिकअप बिहार की तरफ जाती दिखी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन लेकर भागने लगे। अंधा मोड़ होने से पिकअप चालकों को पुलिस ने पकड़ लिया। तीन पिकअप पर छह गाय और चार बछड़े बरामद हुए। पुलिस ने तस्करों की पहचान सुलेमान निवासी ग्राम मोरवन थाना तमकुहीराज, मोतीलाल ग्राम पड़री, थाना पटहेरवा और दिलीप चौहान ग्राम मोरवन, थाना तमकुहीराज, इल्मदीन ग्राम बेलवा कला, थाना चौराखास के रूप में की। इंस्पेक्टर आशुतोष सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर तस्करों को जेल भेज दिया गया है। ।