टेंपो डिवाइडर से टकराई, दो की मौत
हाटा (कुशीनगर) शनिवार की भोर में चार बजे फोरलेन पर ढाढ़ा चौराहे के समीप अनियंत्रित टेंपो डिवाइडर से टकरागर क्षतिग्रस्त हो गया। टैम्पो चालक समेत सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गोरखपुर में इलाज के दौरान इनमें से दो लोगों की मौत हो गई। ये पांचों लोग मुंबई में कोरोना के बढ़ते कहर से बचने के लिए साधन नहीं मिलने पर टैम्पो से ही अपने गांव बिहार प्रांत के मुजफ्फरपुर व सीतामढ़ी जिलों के लिए निकले थे। दो घायलों का मेडिकल कालेज में ही इलाज चल रहा है, जबकि एक घायल को अस्पताल से उपचार के बाद छुट्टी मिल गई है।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के चंदवारा निवासी संजय शाह, संतोष शाह और धुरेन्द्र शाह तथा जीवाजोर निवासी रामबाबू शाह व हरपुर सीतामढ़ी निवासी विनोद शाह आदि लोग मुंबई से टैम्पो से ही मुंबई से घर के लिए निकल गए थे। फोरलेन पर हाटा कोतवाली के ढाढ़ा चौराहे के पास टैम्पो अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा भेजवाया। जहां से चार लोगों की स्थिति गंभीर देख डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान चंदवारा मुजफ्फरपुर निवासी संतोष शाह और संजय शाह की मौत हो गई। जबकि दो लोगों की अभी इलाज चल रहा है। एक घायल को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
कोतवाल हाटा जेपी पाठक का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों की हालत काफी नाजुक थी। तुरंत सभी को हाटा सीएचसी लाया गया। यहां से मेडिकल कालेज रेफर किया गया। घटना की सूचना घायलों के घरवालों को भी दे दी गई थी।