ट्रक की चपेट से टेंपो पलटा, चालक समेत पांच घायल
कसया। देवरिया-कसया मार्ग स्थित सिरसिया खोहिया मोड़ के पास मंगलवार की सुबह ट्रक की चपेट से टेंपो पलट गया। टेंपो चालक समेत सवार पांच लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी कसया भेजवाया। जहां से दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मंगलवार की सुबह 11.30 बजे तरकुलवा से सवारी लेकर टेंपो कसया आ रहा था। देवरिया की तरफ से ही आ रहे ट्रक ने सिरसिया खोहिया मोड़ पर टेंपो को पीछे से चपेट में ले लिया। टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गया। हादसे में बटेसरा निवासी टेंपो चालक अख्तर (45) के अलावा टेंपो में सवार कोन्हवलिया निवासी रामध्यान (38), चंद्रशेखर (32) व मुंडेरा निवासी वीरन (32) व फैयाज (20) घायल हो गए। घायलों को कसया सीएचसी ले जाया गया। यहां से रामध्यान व चंद्रशेखर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया।
एसओ संजय कुमार ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। ट्रक भी पुलिस के कब्जे में है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।