ड्यूटी के दौरान उच्च कोटि की वर्दी पहनने का दिया सुझाव
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एसपी सत्यजीत गुप्ता ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण किया। पुलिस कर्मियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए दौड़ लगवाई। बाद में पुलिस कर्मियों को इंसास, एसएलआर, एके 47, राइफल, पिस्टल को खोलने- जोड़ने, लोड करने, निशाना लगाने का प्रशिक्षण दिया गया।
एसपी ने परेड में शामिल पुलिस कर्मियों के टर्नआउट की जांच की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान उच्च कोटि की वर्दी पहनने व जनता से मधुर व्यवहार स्थापित करने के निर्देश दिए। परेड के दौरान अनुशासन व एकरूपता के लिए टोलीवार ड्रिल कराया। उसके बाद पुलिस कर्मियों की दौड़ लगवाई।
बाद में आवासीय परिसर स्थित पार्क, ओपन जिम, मंदिर परिसर, क्वार्टर गार्द, स्टोर रूम, आर्मरी, डायल 112 नंबर, भोजनालय आदि का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन की बेहतर सफाई के लिए प्रतिसार निरीक्षक को निर्देश दिए। पुलिस लाइन के आदेश कक्ष में गार्द रजिस्टरों का निरीक्षण करते हुए गार्द की सुरक्षा के संबंध में गार्द कमांडरों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। इसी क्रम में समस्त थानों में शुक्रवार की परेड कराई गई। इस दौरान सीओ रजीव कुमार यादव, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा आदि मौजूद रहे।