मथौली बाजार। रामकोला थाना क्षेत्र के रगड़गंज चौराहे पर बृहस्पतिवार की रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की। शुक्रवार की सुबह दुकान के मालिक ने चोरी की जानकारी पुलिस को दी। पांच लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
रगड़गंज चौराहे पर पुलिस चौकी के सामने कुसमहा, बरियारपुर निवासी सदानंद कुशवाहा की डीजे की दुकान है। वह बृहस्पतिवार की देर शाम दुकान बंद करके घर चले गए। शुक्रवार की सुबह आसपास के लोगों ने शटर उठा देखकर दुकानदार को सूचना दी। सदानंद दुकान पर पहुंचे तो देखा कि उसमें रखे डीजे से संबंधित सामान गायब है। उन्होंने तत्काल डॉयल 112 को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच करके थाने पर तहरीर देने के लिए कहा। बाद में पुलिस ने दुकान में काम करने वाले कुछ मजदूरों सहित पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का मानना है कि दुकान से जुड़े किसी व्यक्ति ने चोरी को अंजाम दिया है।
इस संबंध में एसएचओ अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।