संवाद न्यूज एजेंसी
बरवापट्टी। अमवाखास तटबंध के बरवापट्टी के किमी शून्य से किमी 900 तक बुधवार को एसडीएम तमकुहीराज ने निरीक्षण किया, लेकिन सिंचाई विभाग का कोई अधिकारी-कर्मचारी बंधे की निगरानी करते नहीं मिला। एसडीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए लापरवाह कर्मचारियों की रिपोर्ट डीएम को भेजने की बात कही।
बंधे के संवेदनशील प्वाइंटों और करोड़ों की लागत से कराए गए तटबंधों पर कार्य को देखा। तटवर्ती गांव वालों से वार्ता की। गांववालों ने एसडीएम को कटान स्थल और बंधे के कमजोर स्थान काे दिखाया। गांव वालों का आरोप है कि बंधे की मरम्मत और परियोजनाओं का कार्य हर साल देरी से शुरू होता है। इसलिए आधी अधूरी परियोजनाएं रह जाती हैं। एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि बंधे का निरीक्षण किया गया। रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।