कुशीनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र की मधुरिया पुलिस चौकी के पास एक किशोरी के साथ दुष्कर्म होने की सूचना है। यह आरोप एक अधेड़ व्यक्ति पर लगा है। तहरीर के आधार पर पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।
तहरीर में बताया गया है कि किशोरी बुधवार सुबह करीब सात बजे जोकवा बाजार में सड़क पर टहल रही थी। तभी अमवा चौधरी गांव का एक अधेड़ व्यक्ति पीछे से आकर उसे पकड़ लिया और मधुरिया पुलिस चौकी से कुछ दूर किराए के एक मकान में लेकर चला गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस घटना की जानकारी होने पर तुर्कपट्टी थाने के प्रभारी एसओ श्रवण कुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। घटना के सभी पहलुओं की जांच करते हुए आरोपित की तलाश की जा रही है।