तमकुहीराज/तमकुहीरोड। तमकुहीरोड-तमकुहीराज मार्ग स्थित भटवलिया स्कूल के पास सोमवार की सुबह करीब आठ बजे बाइक सवार ने आगे चल रही बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। आगे चल रहे बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोगों ने घायलों को सेवरही सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाला युवक अपनी बाइक वहीं छोड़कर भाग गया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र की ग्राम सभा नाथापट्टी निवासी 17 वर्षीय अफरीदी आलम अपने पिता शाह आलम (40) के साथ बाइक से पकड़ीयार पश्चिम पट्टी में रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। तमकुहीरोड-तमकुहीराज मार्ग के भटवलिया स्थित स्कूल के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोगों ने घायलों को सेवरही सीएचसी भिजवाया। अफरीदी आलम को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शाह आलम को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने घर भेज दिया।