सलेमगढ़। तरयासुजान थाने के एक गांव में छह वर्षीय बालक के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दो समुदाय का मामला होने के कारण गांव में दो पक्षों के बीच तनातनी बढ़ गई। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। घटना बृहस्पतिवार की देर शाम को बताई जा रही है। थाना थाना क्षेत्र के एक गांव का छह वर्षीय बालक पड़ोसी के दरवाजे पर खेल रहा था। इस दौरान पड़ोसी के घर का 16 वर्षीय किशोर बहला फुसलाकर गांव के ही निर्माणाधीन मकान में ले गया और अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। लोग बच्चे की आवाज सुनकर मकान में गए तो किशोर बच्चे को छोड़कर भाग गया। बालक खून से लथपथ मिला। सूचना पर पहुंची बहादुरपुर चौकी पुलिस ने बच्चे को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पडरौना भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। चौकी प्रभारी बहादुरपुर अनुराग शर्मा ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। गांव में पुलिस पहुंची थी, नाराज लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया गया।