पडरौना। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट की तरफ से जिले के शिक्षक नौ अगस्त को बाइक रैली निकालेंगे। रैली के बाद पुरानी पेंशन योजना की बहाली, निशुल्क चिकित्सा सुविधा, सेवा सुरक्षा, वित्तविहीन शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन समेत अन्य मांगों को लेकर सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपेंगे।
यह जानकारी माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार दूबे व जिलामंत्री गोविंद प्रसाद वर्मा ने संयुक्त रूप से दी है। उन्होंने बताया कि विधान परिषद में नेता शिक्षक दल ध्रुव कुमार त्रिपाठी के लगातार प्रयास से 28 मार्च 2005 के पूर्व के विज्ञापन वाले एनपीएस से आच्छादित शिक्षक और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन के विकल्प का सरकार ने आदेश जारी कर दिया है।
कुछ विसंगतियों के कारण बहुत से शिक्षक इसका लाभ पाने से वंचित रह गए हैं। ऐसे शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिलाने के लिए भी संगठन प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि रैली के लिए जिले के शिक्षक पडरौना कसया मार्ग स्थित धर्मपुर ब्रह्मस्थान पर जुटेंगे। वहां से 3:30 बजे रैली निकाली जाएगी। यह रैली शाम चार बजे कलेक्ट्रेट पहुंचेगी, जहां मांगों के पूरा कराने के लिए सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। संवाद
एमडी एनएचएम कार्यालय का घेराव सात को
पडरौना। उप्र राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह के आह्वान पर सात अगस्त को लखनऊ एमडीएनएचएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसमें संगठन से जुड़े कर्मचारी 15 सूत्री मांगों को पूरा कराने की मांग करेंगे। यह जानकारी संगठन के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पांडेय ने दी। उन्होंने बताया कि इस प्रदेश व्यापी आंदोलन में कुशीनगर से सैकड़ों की संख्या में डॉक्टर, एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, बीपीएमयू, एनटीईपी, आरबीएसके, एलटी आदि संवर्ग के संविदा कर्मचारी लखनऊ पहुंचेंगे। संवाद