टीकाकरण : शिक्षक करेंगे लोगों का पंजीकरण
तुर्कपट्टी (कुशीनगर )। कोविड-19 के टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए अब बेसिक शिक्षा विभाग भी मदद करेगा। जल्दी ही विभाग के शिक्षक, अनुदेशक और शिक्षा मित्र अपने स्कूल के गांव में लोगों को टीकाकरण के फायदे बताकर लोगों का पंजीकरण करेंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर लोगों का टीकाकरण भी करवाएंगे।
कुशीनगर जिले में 2464 परिषदीय संविलयन विद्यालय हैं। इनमें करीब तीन लाख बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। शुक्रवार से सभी विकास खंडों में प्रशिक्षित 70 एआरपी तीन दिन में सभी को एक-एक घंटे का प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद एक जुलाई से विद्यालय खुलने पर गांव के लोगों से संपर्क कर कोरोना टीकाकरण के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर कर टीकाकरण के लिए लोगों का रजिट्रेशन करेंगे। उनके साथ स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ता भी रहेंगे ताकि जिनका रजिट्रेशन हो उन्हें टीकाकरण कराया जा सके।
शुक्रवार को फाजिलनगर बीआरसी परिसर में शिक्षामित्रों का प्रशिक्षण भी प्रारंभ हो गया। प्रशिक्षक व एआरपी शंभू सिंह, जितेंद्र सिंह ने कहा कि बृहद टीकाकरण अभियान के लिए सभी को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा है। अध्यापक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एक जुलाई से रजिट्रेशन कार्य प्रारंभ करेंगे। इसके बाद निर्धारित दिवस पर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा टीकाकरण के समय अपेक्षित सहयोग भी करेंगे।
बीईओ एसएन प्रजापति ने बताया कि परिषदीय विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों तक अध्यापक, शिक्षामित्र और अनुदेशक आसानी से पहुंच सकते हैं जिससे विद्यालय के सेवित गांव में कोरोना टीकाकरण त्वरित गति से चलाया जा सकता है। शीघ्र ही दूसरे चरण में अध्यापकों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा।