पडरौना। जनता इंटर कॉलेज कप्तानगंज के एक वरिष्ठ प्रवक्ता के निलंबन के मामले को लेकर मंगलवार को शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन कर डीआईओएस को ज्ञापन सौंपा। इसमें शिक्षकों ने प्रबंध समिति के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए प्रबंध समिति को भंग करने की मांग की। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रदेश महामंत्री राजीव यादव ने कहा कि जनता इंटर कॉलेज कप्तानगंज में तैनात सुभाष चंद्र निर्मल कॉलेज के वरिष्ठ और एक मात्र प्रवक्ता हैं। उनको 31 मार्च को प्रबंध समिति की तरफ से कार्यवाहक प्रधानाचार्य का कार्यभार दिया जाना था।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंध समिति ने अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए विद्यालय के 12वें नंबर के सहायक अध्यापक को कार्यवाहक प्रधानाचार्य का दायित्व सौंप दिया। इस संबंध में सुभाष चंद्र निर्मल ने जिला विद्यालय निरीक्षक को मांग पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने उनकी शिकायत की तीन सुनवाई कर पीड़ित शिक्षक को न्याय देते हुए 3 मई को प्रबंध समिति को कार्यवाहक प्रधानाचार्य का कार्यभार सौंपने का आदेश दिया, लेकिन प्रबंध समिति ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य का कार्यभार देने की बजाय उन्हें बीते 11 मई को निलंबित कर दिया। इससे जिले के शिक्षकों में नाराजगी है। उन्होंने चेताया कि इस मामले में न्याय संगत कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन की तरफ से बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, डाॅ. घनश्याम तिवारी, जुगेश यादव, विजय सिंह आदि मौजूद रहे।