पडरौना।यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए जनपद में बनाए गए चार मूल्यांकन केंद्रों पर वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों ने मूल्यांकन का बहिष्कार किया, जबकि वित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों ने मूल्यांकन सुबह दस बजे शुरू कर दिया। पडरौना के मूल्यांकन केंद्र पर भी वित्तविहीन शिक्षकों ने कापियां नहीं जांचीं। माध्यमिक शिक्षक संघ वित्तविहीन गुट के शिक्षक मानदेय देने, मूल्यांकन के बकाया पारिश्रमिक का भुगतान समेत कई मांगों लेकर मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार कर रहे हैं। हाटा और फाजिलनगर के मूल्यांकन केंद्र पर परीक्षकों ने धरना भी दिया।
उदित नारायण इंटर कॉलेज पडरौना व बुद्घ इंटर कॉलेज कुशीगनर में इंटर की उत्तर पुस्तिकाएं और पावानगर महावीर इंटर कॉलेज फाजिलनगर व श्रीगांधी स्मारक इंटर कॉलेज हाटा में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन रविवार से शुरू हुआ। पडरौना के मूल्यांकन केंद्र पर 48 उप प्रधान परीक्षकों की देखरेख में 375 परीक्षक तैनात किए गए हैं। इनमें से करीब 120 परीक्षकों ने सात हजार कॉपियों की जांच की। इस दौरान उप नियंत्रक राजेश कुमार मिश्र, चंद्रभूषण सिंह, सुरेंद्र कुमार सिंह, रामअशीष सिंह, हेमंत सिंह, दिवाकर राव, देवकरन सिंह आदि शिक्षक मौजूद रहे।
माध्यमिक शिक्षक संघ वित्तविहीन गुट के लोगों ने बीते वर्ष का मूल्यांकन का बकाया पारिश्रमिक देने, मानदेय लागू करने, सेवा नियमावली बनाने आदि मांग को लेकर कार्य बहिष्कार किया। पडरौना के मूल्यांकन केंद्र पर वित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों के साथ कुछ वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों ने कांपियां जांचीं।
कसया प्रतिनिधि के अनुसार कुशीनगर के बुद्घ इंटर कॉलेज में बने मूल्यांकन केंद्र पर 37 उप प्रधान परीक्षक और 313 परीक्षक तैनात हैं। इसमें से वित्तविहीन परीक्षकों ने मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार कर संगठन से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया। इस केंद्र पर रविवार को कुल 6300 कॉपियों का मूल्यांकन किया गया।
फाजिलनगर प्रतिनिधि के अनुसार पावानगर महावीर इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। इसके लिए 43 उप प्रधान परीक्षकों और 460 परीक्षक तैनात किए गए हैं। इसमें से 20 उप प्रधान परीक्षकों में से 115 परीक्षकों ने 31 सौ कॉपियों का मूल्यांकन किया। इस केंद्र पर भी सभी वित्तविहीन शिक्षकों ने मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया।
हाटा प्रतिनिधि के अनुसार हाटा के श्रीगांधी स्मारक इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा की कापियों का मूल्यांकन कार्य वित्तविहिन शिक्षकों के बहिष्कार के साथ शुरू हुआ। इस केंद्र पर तेरह सौ कापियों का मूल्यांकन हुआ। वित्तविहिन शिक्षकों ने मांगे पूरी नहीं होने तक मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार जारी रखने की बात कही। इस मूल्यांकन केंद्र पर 600 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन वित्त विहिन शिक्षकों के बहिष्कार के कारण रविवार को मात्र 225 शिक्षक ही मूल्यांकन में शामिल हुए। वित्त विहिन शिक्षक संघ के तहसील प्रभारी द्वारिकानाथ पांडेय ने कहा कि सरकार जब तक संगठन की मांगे पूरी नहीं करती है, तब तक संघ मस्त्रत्त्ूल्यांकन कार्य का बहिष्कार जारी रखेगा। हाटा केंद्र पर नन्हू कुमार पांडेय, नवरंग सिंह यादव, संतोष सिंह, विरेंद्र सिंह, पप्पू कुमार, एजाज खांन, केशव मणि, प्रेम चंद्र मिश्र सहित अन्य वित्त विहिन शिक्षकों ने दिन भर मूल्यांनक केंद्र पर कार्य बहिष्कार किया और नारेबाजी की।
यूपी बोर्ड की कापियों में परीक्षार्थी विभिन्न तरह से जांच कर्ता को उत्तीर्ण करने के लिए आग्रह किए हुए हैं तो कुछ परीक्षार्थी उसी में रुपये रखे हुए हैं, जिसे देखकर कापियों के जांच करने वाले देखकर भौचक हैं। हाटा मूल्यांकन केंद्र पर शुरू हुए बोर्ड कापियों में मूल्यांकन के दौरान कई कापियों में से नोट निकल रहे हैं। मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों के अनुसार गणित विषय में सौ-सौ रुपये चार कापियों में, हिंदी विषय की कापी में पांच सौ के नोट और सामाजिक विज्ञान की चार कापियों में सौ-सौ रुपये के नोट मिले हैं।