पडरौना। पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत गणित और विज्ञान के शिक्षकों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया।
ये शिक्षक प्रमाण पत्रों का सत्यापन नहीं होने से वेतन से वंचित रहने की शिकायत लेकर पहुंचे थे। आदेश कुमार, रघुवीर सिंह, पंकज, अवधेश कुमार, अमीरुल्लाह सिद्दीकी, संजय चौहान, राजेश पांडेय, हेमंत गुप्ता सहित कई शिक्षक कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए और बेसिक शिक्षा विभाग के विरुद्ध नारे लगाने लगे।
इन शिक्षकों का कहना था कि पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में 21 सितंबर से ही कार्यरत हैं। नियमित रूप से अपने तैनाती वाले विद्यालयों में अध्यापन करते हैं लेकिन बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रमाण पत्रों का सत्यापन न किए जाने के कारण वेतन नहीं मिल रहा है।
दूरदराज जनपदों से आकर ड्यूटी करने के कारण आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इनका कहना था कि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कहने के बावजूद कोई निष्कर्ष नहीं निकल रहा है। इन शिक्षकों ने ज्ञापन देते हुए अविलंब सत्यापन कराकर वेतन दिलाने की मांग की।