मल्लूडीह। कसया थाने के एक इंटर काॅलेज के क्लॉस रूम में अश्लील हरकत करते छात्र-छात्रा को शिक्षक ने पकड़ा। डांटने से नाराज छात्र ने शिक्षक की कॉलर पकड़ ली और अभद्रता करने लगा। अन्य शिक्षकों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर विवाद को बढ़ने से रोका। छात्र को हिरासत में लेकर पुलिस थाने चली गई।
बताया जाता है कि पहले भी छात्र-छात्रा अश्लील हरकत करते पकड़े गए थे। शिक्षकों ने समझा-बुझाकर दोनों को छोड़ दिया था। सोमवार को आरोपी छात्र 10 बजते ही विद्यालय में आकर क्लास रूम में चला गया। आरोपी छात्र ने विद्यालय के चपरासी से समझाने-बुझाने वाले शिक्षक के बारे में अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए पूछा। चपरासी ने संबंधित शिक्षक को यह बात बता दी। जब शिक्षक ने छात्र को बुलाकर पूछा तो छात्र ने शिक्षक की कॉलर पकड़ ली और अभद्रता करने लगा। हंगामा होता देख विद्यालय में भीड़ जुट गई। विद्यालय के शिक्षकों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। एसएचओ के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने उग्र भीड़ को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। इससे पूर्व उग्र छात्रों ने आरोपी छात्र की जमकर पिटाई कर दी थी। पुलिस छात्र को हिरासत में लेकर थाने चली गई। शिक्षक घनश्याम तिवारी ने बताया कि आरोपी छात्र-छात्रा को विद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है।