पांच दिन से घर नहीं गए चाय
विक्रेेता का शव नाले में मिला
हाटा (कुशीनगर )। पांच दिन से घर नहीं गए चाय विक्रेता जवाहिर का शव शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के महुआरी चौराहे के पास नाले में मिला। बताया गया कि जवाहिर अक्सर घर नहीं जाते थे, इस कारण इस बार भी जब वह घर नहीं गए तो घरवालों ने उनकी तलाश नहीं की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, एनएच के किनारे महुआरी चौराहे के निकट नाले में सुबह किसी ने जवाहिर का शव देखा। उनके शोर मचाने पर कई लोग जुट गए। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर शव को नाले से बाहर निकाला गया। शव कई दिनों का लग रहा था। आसपास के लोगों के सहयोग से शव की पहचान हाटा नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-13 हरपुर के रहने वाले जवाहिर के रूप में हुई है। लोगों ने बताया कि जवाहिर एनएच के किनारे चाय की दुकान चलाते थे। वह अक्सर कई दिनों तक घर नहीं जाते थे। इसलिए पांच दिनों से घर नहीं जाने के बावजूद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश नहीं की। हाटा के कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किसी ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।