तमकुहीराज। गोपालगंज जिले के मद्य निषेध विभाग की टीम ने 136 लीटर देसी शराब के पैकेट के साथ एक ऑटो से तस्करी कर बिहार के विभिन्न स्थानों पर ले जा रहे दो आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में ऑटो चालक तरयासुजान थाना क्षेत्र के सियरहां का निवासी है।
गोपालगंज जिले के मद्य निषेध विभाग के अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया शनिवार को मद्य निषेध की टीम यूपी से लगे सीमाओं पर बिहार की ओर आने वाले संदिग्धों की जांच कर रही थी। इसी दौरान हाइवे स्थित बथाना कुट्टी के समीप एक संदिग्ध ऑटो आते दिखाई दिया। ऑटो में चालक सहित दो लोग सवार थे।
संदेह के आधार पर टीम ने ऑटो को रोक कर जांच की तो तस्करी कर बिहार के विभिन्न स्थानों पर भेजे जाने वाले 15 गत्ता देसी शराब के पैकेट मिले, जिसकी मात्रा करीब 136 लीटर है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऑटो चालक तरयासुजान थाना क्षेत्र के सियरहां निवासी ओमप्रकाश व दूसरा गोपालगंज जिले के बनकटा निवासी मनीष कुमार साह के रूप में हुई है।