जल्द तैनात होगा रिसीवर, एसडीएम की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
रामकोला। धर्मसमधा देवी मंदिर के स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद में सोमवार को नया मोड़ आ गया। दोपहर में मंदिर पहुंचे एसडीएम अरविंद कुमार और बीज विकास निगम के चेयरमैन राजेश्वर सिंह की अगुवाई में मंदिर के दानपात्र को सील कर दिया गया।
मंदिर परिसर में एक बैठक हुई। इसमें दावेदारी करने वाले लोगों और मंदिर के पुजारी की बात सुनी गई। बैठक में मौजूद जिला पंचायत सदस्य फूलबदन कुशवाहा, राकेश गोविन्द राव, जिला पंचायत सदस्य अरुण कुमार सिंह, पूर्व प्रधान राहुल गोविन्द राव, आशुतोष गोविन्द राव गोलू, कर्मवीर गोविन्द राव, हर्ष कुमार सूरी सहित सभी लोगों का कहना था कि यह मंदिर हजारों लोगों की आस्था का केंद्र है। गौरतलब है कि मंदिर में आ रहे चढ़ावे के विवाद का मामला डीएम तक पहुंच गया है।
एसडीएम अरविंद कुमार ने कहा कि मंदिर के लिए जल्द रिसीवर नियुक्त कर दिया जाएगा। जो लोग मंदिर के जमीन पर अपना हक जता रहे हैं वे मंगलवार की शाम तक इससे संबंधित प्रपत्र तहसील कार्यालय को पहुंचा दें। मंदिर के सभी दानपात्रों में सरकारी ताला बंद करा दिया गया है।