फुटबॉल खेलते खिलाड़ी।स्रोत-सोशल मीडिया
गंगुआ बाजार। तमकुहीराज स्थित फतेह मेमोरियल इंटर काॅलेज परिसर में आयोजित 32वीं राजा इंद्रजीत प्रताप शाही आल इंडिया मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता में बुधवार को चार टीम के बीच अलग-अलग दो मुकाबले हुए।
पहले मुकाबले में टाईब्रेकर से तमकुहीराज और दूसरे मुकाबले में एक गोल से कश्मीर ने मैच जीतकर अगले राउंड में प्रवेश किया। बृहस्पतिवार को सिवान और वेल्थरा बलिया की टीम के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
मुख्य अतिथि भाजपा नेता डॉ. पुनीत राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर पहला मैच शुरू कराया। इसके बाद आमने सामने हुई तरयासुजान और तमकुहीराज की जूनियर टीम के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ। दोनों टीम के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ठ खेल कला का प्रदर्शन किया।
खेल समाप्ति तक कोई भी टीम एक दूसरे पर गोल नहीं कर सकी। अंत में हार जीत के निर्णय के लिए टाईब्रेकर का सहारा लिया गया। टाईब्रेकर में तमकुहीराज की टीम विजेता घोषित हुई। इसके बाद यूनाइटेड क्लब श्रीनगर और डनलप क्लब पश्चिम बंगाल की टीम के बीच दूसरा मुकाबला खेला गया।
खेल की शुरुआत से ही दोनों टीम के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के बीच हुए जबरदस्त मुकाबले के दम पर मध्यांतर तक दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं हो सका।
मध्यांतर के बाद खेल के 54वें मिनट में कश्मीर के खिलाड़ी वरुण ने पश्चिम बंगाल के खिलाफ एक गोल दागकर अपनी टीम को 1- 0 से बढ़त दिला दी। टीम ने यह बढ़त मैच की समाप्ति तक बनाए रखी।
अपनी टीम की तरफ से एक मात्र गोल करने वाले कश्मीर के खिलाड़ी वरुण को मैन ऑफ द मैच के लिए चुना गया।