अनुशासनहीनता के आरोप में टीए को किया कार्य मुक्त
रामकोला। अनुशासनहीनता ओर शासकीय कार्यों में लापरवाही के आरोप में रामकोला ब्लॉक के तकनीकी सहायक को बीडीओ ने कार्यमुक्त कर दिया है। उन्हें डीसी मनरेगा कार्यालय भेज दिया गया है।
रामकोला विकासखंड कार्यालय में कार्यरत टीए नीरज तिवारी पर आरोप है कि वह 15 दिन से बीडीओ का फोन नहीं उठा रहे हैं। जिस मनरेगा के वह तकनीकी सहायक हैं, उसी मनरेगा सेल में उन्होंने 15 दिन से कोई संपर्क नहीं किया। टीए के पास नौ गांवों के विकास कार्यों की जिम्मेदारी है। उसके निर्वहन में वह उपयुक्त नहीं मिल रहे थे। बीडीओ का यह भी आरोप है कि प्राथमिक विद्यालयों की चहारदीवारी के निर्माण का कोई आगणन तैयार नहीं कर पाए हैं।
इस संबंध में बीडीओ उषा पाल का कहना है कि टीए नीरज तविारी के खिलाफ कई ग्राम प्रधानों ने ग्रामसभा में कार्य करने के लिए दूसरे व्यक्ति को रखने और अवैध रूप से वसूली करने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि टीए फोन नहीं उठाते हैं न ही समीक्षा बैठक में ही आते हैं। वह किसी कार्य में रुचि नहीं दिखाते हैं। इसलिए उन्हें रामकोला ब्लॉक से कार्यमुक्त कर मनरेगा सेल में कार्य करने के लिए भेज दिया गया है।