संदिग्ध हाल में महिला की मौत
देर शाम को दुकान बंद करके घर पहुंचे तब हुई घटना की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के मुजहना गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार देर शाम जब महिला के पति घर लौटे तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। पति की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस जांच में जुटी है। मुजहना निवासी राजेश साहनी जगदीशपुर बरडीहा चौराहे पर फल की दुकान चलाते हैं। बुधवार सुबह वह दुकान पर चले गए। घर पर उनकी पत्नी सोनम(27) अकेली थीं। देर शाम को दुकान बंद करके राजेश घर लौटे। दरवाजा भीतर से बंद होने पर उन्होंने पत्नी को आवाज दी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो किसी अनहोनी की आशंका में आसपास के लोगों को बुलाकर दरवाजा तोड़ दिया। भीतर कमरे में छत के कुंडे से फंदे के सहारे सोनम लटक रही थीं। उनको उतारकर राजेश आनन फानन में सीएचसी पिपराइच ले गए। वहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर अहिरौली बाजार के एसएचओ पंकज कुमार पहुंचे। कानूनी औपचारिकता के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएचओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।