रामकोला। इंदरपुर माफी गांव में एक गर्भवती महिला की मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और सास पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतका के पति और सास को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। थाना क्षेत्र के खोटही कोठी टोला निवासी निशा की शादी 1 मई 2026 को सिधावे टोला, इंदरपुर माफी निवासी रोहित राजभर से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही निशा का पति रोहित राजभर और उसकी सास सुमन दहेज की मांग को लेकर उसे बार-बार परेशान करते थे।
निशा ने इस संबंध में अपने मायके वालों को भी जानकारी दी थी। उसकी मां संगीता राजभर का कहना है कि कुछ दिन पहले उन्होंने पति और सास को समझाकर निशा को प्रताड़ित नहीं करने की बात कही थी। 27 अक्तूबर की शाम करीब 7:30 बजे निशा के मायके वालों को सूचना मिली कि उसे चोट लग गई है। सूचना मिलने पर जब उसकी मां और परिवार के अन्य सदस्य ससुराल पहुंचे तो निशा चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी मिली।
निशा के गले पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे। परिजनों के अनुसार, निशा करीब चार माह की गर्भवती थी।सूचना मिलते ही रामकोला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर पति, सास पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।