निलंबन में दोषी मिलने के बाद होने वाली नई तैनाती प्रक्रिया होगी ऑनलाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। निलंबन के बाद यदि शिक्षक दोषी मिले तो उन्हें अब शून्य शिक्षक वाले विद्यालयों या एकल विद्यालयों पर भेजा जाएगा। विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया एनआईसी लखनऊ की ओर से विकसित सॉफ्टवेयर के माध्यम से की जाएगी। इस संबंध में सचिव का आदेश आया है।
बेसिक शिक्षा के सचिव प्रताप सिंह बघेल ने सभी बीएसए के नाम जारी पत्र में बताया कि निलंबन के बाद जांच प्रक्रिया में दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों काे उस विद्यालय पर पुनः तैनाती किसी भी दशा में नहीं किया जाएगा। इससे पूर्व शिक्षकों के निलंबन के बाद बहाली होने पर उन्हें उसी विद्यालय पर तैनात कर दिया जाता था।
बेसिक शिक्षा सचिव के निर्देश के अनुसार यदि किसी भी शिक्षक पर प्रथमदृष्टया दोषी पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई होती है और वह जांच में दोषमुक्त पाया जाता है, तो बहाली के बाद उनकी तैनाती उसी विद्यालय पर होगी जहां से वह निलंबित हुए होंगे, लेकिन यदि जांच में दोषी मिले तो दंड के तौर पर उनकी तैनाती ब्लॉक के ऐसे विद्यालय पर की जाएगी, जहां आरटीई मानकों के अनुसार पद रिक्त होगा। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रेंडम के आधार पर होरी।
इसके अलावा कर्मचारी वर्ग नियमावली 1973 की दंड संख्या दो से छह के बीच या एक से अधिक दोष के साथ बहाल किया जाता है, तो उन्हें शून्य अध्यापक वाले विद्यालय में तैनात किया जाएगा। यदि शून्य अध्यापक वाले विद्यालय नहीं होंगे तब उन्हें एकल अध्यापक वाले विद्यालय में तैनाती मिलेगी।
सौ से अधिक शिक्षकों को दिया गया है नोटिस
बीते अप्रैल माह से शुरू हुए नए शैक्षिक सत्र में शासन के निर्देश पर अब तक बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से 500 से अधिक विद्यालयों की जांच की गई है। इसमें अनुपस्थित मिलने समेत अन्य कमियों पर सौ से अधिक शिक्षकों को नोटिस देकर जवाब तलब किया है। जुलाई माह में भी बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से टीम गठित कर जिले के सौ परिषदीय विद्यालयों की जांच की गई। इसमें से करीब 15 शिक्षक और शिक्षामित्रों को नोटिस देकर जवाब तलब किया गया है। निलंबन के दोषी मिलने पर शून्य अथवा एकल विद्यालय में तैनाती मिलने के संबंध में नया शासनादेश आने के बाद शिक्षकों में खलबली मची है।
किसी कारण से शिक्षकों की हुई निलंबन के बाद बहाली के दौरान यदि शिक्षक दोषी मिले, तो उन्हें शून्य, एकल अथवा आरटीई के तहत कम शिक्षक वाले विद्यालयों में तैनात करने के संबंध में पत्र मिला है। यह तैनाती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इसका शतप्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा।
- डॉ. रामजियावन मौर्या, बीएसए, कुशीनगर