खडडा/कुशीनगर। सीएचसी तुर्कहा में ऑपरेशन (सी-सेक्शन) से प्रसव सेवा फिर शुरू हो गई है। पहले दिन चिकित्सकों की टीम ने सफल प्रसव कराया। पहली लाभार्थी ग्राम रंजीता की 22 वर्षीय सरिता देवी ने दूसरे पुत्र को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
यह ऑपरेशन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारस नाथ गुप्ता के नेतृत्व में हुआ। गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. पूजा कुमारी, एनेस्थेटिस्ट डॉ. श्रेया राज तथा बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम कुमार टीम शामिल रहे। इस दौरान अनिता प्रतिज्ञा कुशवाहा (स्टाफ नर्स), मनोज (फार्मासिस्ट), पंकज कुमार गुप्ता, चंदन मिश्रा व आशा कार्यकर्ता तारा देवी समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
तुर्कहा सीएचसी में लंबे समय से ऑपरेशन से प्रसव की सुविधा न होने से लोगों को निजी व अवैध अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था। प्रसव के लिए मरीजों और उनके परिजनों को दर-दर भटकना पड़ता था। अब सीएचसी तुर्कहा में यह सुविधा शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। उम्मीद जताई जा रही है कि अब गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित व समय पर प्रसव हो सकेगा और अनावश्यक जोखिमों से भी बचाव होगा।