विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे भाजपा के कुछ नेताओं को टिकट न मिलने से उनके समर्थकों का असंतोष बाहर आने लगा है। ऐसे ही कुछ समर्थकों ने अमित शाह और कलराज मिश्र का प्रतीकात्मक पुतला फूंक कर विरोध जताया।
तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के सिकटिया में भी पूर्व विधायक नंदकिशोर मिश्र के कुछ समर्थकों ने प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि पार्टी के लिए हमेशा समर्पित रहे नंदकिशोर मिश्र को टिकट नहीं मिला है, जिससे उनके समर्थक निराश हैं। इतना ही नहीं दूसरे विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले जगदीश मिश्र को उम्मीदवार घोषित किया गया है। इन लोगों ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र का प्रतीकात्मक पुतला जलाया। इस दौरान ओमप्रकाश सिंह, अशोक शुक्ला, राजकुमार, विरेंद्र सिंह, सुनील तिवारी, संजय सिंह, प्रमोद गुप्ता, बैजनाथ, राजू रावत, मंटू सिंह, अनुप सिंह, बलिराम खरवार, लालजी खरवार, सुग्रीव गोंड़ आदि मौजूद थे।
वहीं नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के खैरटिया शीतलापुर चौराहे पर सोनू तिवारी की अगुवाई में कुछ लोगों ने खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए प्रदर्शन किया। इनका आरोप था कि खड्डा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के कई नेता चुनाव की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पार्टी हाईकमान ने उन्हें टिकट न देकर बाहरी व्यक्ति को उम्मीदवार घोषित किया है, इससे कार्यकर्ता और समर्थक निराश हैं। इन लोगों ने खड्डा विधानसभा क्षेत्र से घोषित भाजपा प्रत्याशी जटाशंकर तिवारी का प्रतीकात्मक पुतला जलाकर नाराजगी जाहिर की। विरोध जताने वालों में लक्ष्मण यादव, धनेश तिवारी, रामकुंवर पटेल, ओमप्रकाश गोंड़, दीनानाथ, संजय ओझा, रामधारी चौधरी, रामअवध यादव, अभिषेक तिवारी, सीताराम पाल, शंभू गुप्ता आदि शामिल थे।