पडरौना/सुकरौली। शासन से गठित टीम ने रविवार को सीएचसी और आयुष्मान मंदिरों का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने स्वास्थ्य केंद्रों पर मौजूदा सुविधाओं व व्यवस्थाओं की जांच-पड़ताल की। जहां खामियां मिली, वहां के जिम्मेदारों को सुधार करने के निर्देश दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली में तीमारदारों ने भवन जर्जर होने और पेयजल की व्यवस्था नहीं होने की शिकायत की। टीम ने प्रभारी को समाधान के निर्देश दिए।
सुकरौली पीएचसी पर जांच टीम में एआरओ डॉ. तुलसी कुमार यादव और डीडीएम डॉ. मुरली श्रीवास्तव ने प्रसव केंद्र, लेबर रूम, वार्ड, पैथाेलाॅजी, आकस्मिक सेवा और औषधि भंडार के बारे जानकारी ली। टीम ने परिसर में मौजूद मरीजों से अस्पताल पर उपलब्ध जांच और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में पूछताछ की। तीमारदारों ने बताया कि अस्पताल में जांच और दवा तो मिल जाती हैं लेकिन पीने के लिए पानी खरीदना पड़ता है। अस्पताल का मुख्य भवन जर्जर होने से चिकित्सक अपने आवास पर मरीज देखते हैं और मरीजों को बाहर खुले आसमान के नीचे खड़ा रहना पड़ता है। देवतहां सीएचसी के अधीक्षक डॉ. हेमंत वर्मा ने बताया कि पीएचसी पर जनहित में सभी समस्याओं के समाधान के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। अस्पताल का भवन जर्जर होने से दिक्कतें हो रही हैं। विभागीय स्तर पर रिपोर्ट भेजी गई है। निर्देश मिलने पर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
नेबुआ नौरंगिया संवाद के अनुसार, एसआरएम टीम ने सीएचसी सहित एएनएम केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। तीन दिवसीय दौरे के दौरान टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। टीम में संजीव तिवारी (बीपीएम) व शिवकुमार (एचईओ) चिकित्सकीय सुविधाओं,दवाओं की उपलब्धता, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं व शिशुओं को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाएं, प्रसूति कक्ष की व्यवस्था तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर चिकित्सक रजनीश श्रीवास्तव, अल्ताफ आलम आदि मौजूद रहे।
उजारनाथ संवाद के अनुसार क्षेत्र के पीएचसी सहित आयुष्मान आरोग्य केंद्रों पर रविवार को सीआरएम टीम ने पहुंचकर निरीक्षण किया। डॉ. बीके यादव व डॉ. अरविंद कुमार वर्मा ने साफ सफाई, एनसीडी स्क्रीनिंग व जांच सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। टीम ने नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करमैनी, सेमराहर्दों पट्टी के अलावा अरोग्य मंदिर चन्द्रौटा, देवरिया वृत का निरीक्षण किया। टीम ने डॉ. संजय कुमार व एएनएम नीरु, दीपशिखा,और आशा व संगिनी कार्यकर्ताओं से जानकारी हासिल की। प्रसव कक्ष व दवा वितरण कक्ष में दवाओं की उपलब्धता की जानकारी हासिल की।