पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के सौरहा बुजुर्ग में लगे गन्ना तौल केंद्र पर गन्ना तौल न होने नाराज किसानों ने एक कर्मचारी को रविवार को बंधक बना लिया। किसान गन्ना तौल कराने की बात पर अड़े रहे।
रामकोला त्रिवेणी चीनी मिल के गन्ना एरिया एडिटर जगदीश पांडेय रविवार को पकड़ियार, सिंगहा परिक्षेत्र में मौजूद गन्ने का भौतिक सत्यापन करने गये थे। गन्ने का सत्यापन करने के बाद वे सौरहा बुजुर्ग में लगे तौल केंद्र पर पहुंचे। एक सप्ताह से गन्ना तौल का इंतजार कर रहे किसानों को जब मिल कर्मचारी के आने की जानकारी हुई तो वह तौल केंद्र पर पहुंचे और गन्ना एरिया एडिटर को बंधक बना लिया।
गन्ना किसान इरफान, कलामुद्दीन, नरेश, रामअवध, शहाबुद्दीन, ओमप्रकाश, विजय, सुरेंद्र, इद्रीश, रामश्रय, मैनुद्दीन, नूरूद्दीन आदि का आरोप था केंद्र पर गन्ना लदी ट्राली एक सप्ताह से खड़ी है लेकिन तौल नहीं हो रहा है। जब तक तौल नहीं कराया जाएगा तब तक कर्मचारी भी मुक्त नहीं होंगे। कर्मचारी के बंधक बनाए जाने की सूचना पर देर शाम पहुंचे मिल के केन मैनेजर एसएन त्रिपाठी ने गन्ना तौल कराने का आश्वासन देकर बंधक बनाए गए कर्मचारी को मुक्त कराया।