पडरौना। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने या संशोधन कराने के लिए जल्द फॉर्म भरकर जमा कर दें। अभी तक जिले के 60 फीसदी मतदाताओं का ही एसआईआर फार्म जमा हो सका है। अभी भी 40 फीसदी लोगों ने एसआईआर फार्म जमा नहीं किया है। हालांकि चुनाव आयोग की तरफ से फार्म जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर नौ दिसंबर कर दी गई है, पहले इसके लिए अंतिम तिथि चार दिसंबर निर्धारित थी।
समय से फॉर्म भरकर जमा नहीं करने पर मतदाता सूची से नाम कट जाएगा। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि तत्काल बीएलओ से संपर्क कर प्रक्रिया को पूरा कराएं। जिले के सात विधानसभा क्षेत्र में कुल 26,93,000 मतदाता हैं। इसके लिए छह एसडीएम, 14 बीडीओ समेत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व अन्य कर्मचारियों को लगाया गया है।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर प्रतिदिन इसकी समीक्षा कर रहे हैं। बीएलओ दो प्रतियों में मतदाताओं को फॉर्म दे रहे हैं। यह फॉर्म नौ दिसंबर तक भरकर मतदाताओं को बीएलओ के पास जमा करना है। फॉर्म में नाम, पता, माता-पिता का नाम, मोबाइल नंबर, आधार नंबर और ईपीआईसी संख्या भरना है।