अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवा बलुआ निवासी आर्मी सूबेदार दिनेश कुमार गुप्ता का शव रविवार को घर पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। लोगों ने नम आंखों से पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार हेतिमपुर घाट पर किया।
इस दौरान गोरखा रेजीमेंट की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर शहीद को सलामी दी। दिनेश कुमार गुप्ता पुत्र ब्रम्हा गुप्ता निवासी बेलवा बलुआ छुट्टी लेकर तिरुपति बाला जी गए थे। वापसी के दौरान 26 सितंबर की सुबह चार बजे हैदराबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में ही ब्रेन हेमरेज से उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अंतिम यात्रा में हाटा विधायक मोहन वर्मा, नायब तहसीलदार सुनील सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।