पडरौना। परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थी अब पढ़ाई के साथ खेल में भी निपुण होंगे। हर विद्यालय में स्पोर्ट्स क्लब का गठन किया जाएगा। स्पोर्ट्स ग्रांट की राशि से स्कूलों में खेल सामग्री खरीदी जाएगी। रोजाना खेलो इंडिया फिट इंडिया अभियान के तहत खेलकूद गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिन विद्यालयों में खेल परिसर नहीं हैं, वहां इनडोर गेम जैसे चेस, कैरम बोर्ड समेत अन्य खेल गतिविधियां आयोजित होंगी।
जिले में 2464 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें करीब ढाई लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परिषदीय स्कूलों में नामांकित छात्र-छात्राओं को अब पढ़ाई के साथ पारंपरिक खेलों के अलावा एथलेटिक्स, बैटमिंटन, शतरंज व कैरम आदि में भी दक्ष बनाया जाएगा।
विद्यालय में खेल सामग्री मंगाई जाएंगी। पारंपरिक खेलों को भी समाहित किया जाएगा। मैदान के अनुसार खेल सामग्री की खरीद होगी। इन विद्यालयों के विद्यार्थी भी राज्य और राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे। इससे पहले अंतरविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं होंगी। इससे छात्र-छात्राओं की प्रतिभा में निखार आने के साथ ही टीम भावना का विकास होगा।