- शहर के कठनवार रोड पर किराए के कमरे में रहकर करता था पढ़ाई
- सुबह आवाज देने पर दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी
पडरौना। शहर के कठनवार रोड में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई करने वाले 12वीं के छात्र का शव मंगलवार को छत की कुंडी में फंदे से लटका मिला। सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने आवाज दी, अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस ने दरवाजा तोड़वाकर शव को कब्जे में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जांच के लिए साक्ष्य जुटाई। पुलिस ने छात्र के घर वालों को सूचना दे दी है।
पश्चिमी चंपारण जिले के भितहा थाना क्षेत्र के उलटहवा गांव निवासी राज पटेल (20) शहर के कठनवार रोड पर किराए के मकान में रहकर शहर के एक कॉलेज में 12वीं में पढ़ता था। पुलिस के अनुसार वह देर रात तक कमरे में मोबाइल चलाया है। रात एक बजे तक उसका व्हाट्सएप ऑनलाइन दिखा रहा है।
सुबह 10 बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो आस-पास रहने वाले अन्य छात्रों ने दरवाजा खटखटाया व उसके मोबाइल पर फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़वाया तो अंदर राज पटेल का शव फंदे से लटका था।
कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि छात्र के घर वालों को सूचना दिया गया। परिजन आए थे, छात्र का मोबाइल कब्जे में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छात्र के आत्महत्या करने का कारण पता लगाया जा रहा है।