कसया। थाना क्षेत्र के एक विद्यालय में बोर्ड परीक्षा देने गई छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर खोजबीन और कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार क्षेत्र की 15 वर्षीय छात्रा 10 मार्च को सुबह करीब सात बजे हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा देने निकली थी। परीक्षा दोपहर करीब 12 बजे समाप्त हो गई, लेकिन इसके बाद भी छात्रा घर नहीं पहुंची। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद वे विद्यालय पहुंचे और जानकारी ली। वहां बताया गया कि परीक्षा देने के बाद वह सहेलियों के साथ चली गई होगी। परिजनों का कहना है कि घर से विद्यालय की दूरी अधिक नहीं है और पहले कभी इतनी देर नहीं हुई। ऐसे में अनहोनी की आशंका जताते हुए उन्होंने पुलिस से छात्रा को जल्द खोजने की मांग की है। एसएचओ आशुतोष सिंह ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज कर छात्रा की तलाश की जा रही है। संवाद