तमकुहीराज। कस्बा के मालवीय नगर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने भटवलिया स्थित एक निजी विद्यालय के प्रधानाचार्य के खिलाफ स्कूल में बेटे के मोबाइल ले जाने से नाराज होकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। कस्बा के मालवीय नगर निवासी जाकिर हुसैन ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उनका बेटा अर्श शेख कस्बा के भटवलिया स्थित एक इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र है। शनिवार को वह भूल से मोबाइल लेकर स्कूल चला गया। दोपहर में वह शिक्षण कक्ष से बाहर निकला तो उसके मोबाइल पर किसी ने फोन कर दिया। मोबाइल से बात करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य ने देख लिया। इससे नाराज होकर बेटे की पिटाई कर दी। तमकुहीराज के प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश साहनी ने बताया पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिली है। जांच-पड़ताल कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।