दुदही (कुशीनगर)। विशुनपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम हाईस्कूल छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दुदही नगर पंचायत के एक वार्ड की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी हाईस्कूल की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, बुधवार की शाम किसी बात को लेकर उसके पिता ने उसे डांट दिया था। इसके बाद छात्रा नाराज होकर अपने कमरे में चली गई।
काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर जब परिजन कमरे में पहुंचे तो छात्रा का शव छत की कुंडी से पंखे के सहारे लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
रोने-बिलखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
विशुनपुरा के प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।