पडरौना। क्षेत्रीय प्रबंधक के खिलाफ पडरौना डिपो के कर्मचारियों का अमरण अनशन शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। रोडवेज प्रशासन की तरफ से आंदोलन खत्म कराने का अब तक कोई प्रयास नहीं किया गया है। अनशनकारी कर्मचारियों की हालत बिगड़ रही है। शनिवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने भी इस आंदोलन का समर्थन करते हुए अन्य कर्मचारी संगठनों से भी सहयोग की अपील की है।
अनशन कर्मचारियों का कहना है कि क्षेत्रीय प्रबंधक उनका उत्पीड़न करते हैं। उनकी बात को उच्चाधिकारी भी नहीं सुन रहे हैं। कर्मचारियों की मांग है कि या तो क्षेत्रीय प्रबंधक का स्थानांतरण कर दिया जाए या फिर कर्मचारियों को ही यहां से हटा दिया जाए। साथ ही संविदा चालकों की सिक्योरिटी धनराशि वापस करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक के गलत आदेशों को निरस्त किया जाए।
इनके सर्मथन में वर्कशाप कर्मचारी, रोडवेज इम्पालाइज यूनियन, रोडवेज मजदूर सभा, संविदा चालक/ परिचालक संघर्ष समिति भी आ गई है। इसके अलावा राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा है कि अगर तीन दिन के भीतर मांग नहीं मानी गई तो समस्त कर्मचारी सडक़ पर उतरेंगे। इस दौरान प्रभुनंदन उपाध्याय, मोहन वर्मा, अजीत कुमार यादव, विनोद सिंह, जयप्रकाश सिंह, अशोक दीक्षित, मुन्ना पांडेय, अवधेश वर्मा, रामनिवास प्रसाद आदि लोग मौजूद रहे।