- त्योहारों के मद्देनजर समस्याओं और सुझाव पर हुआ विचार
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। थाना परिसर में सोमवार को सीओ कुंदन सिंह की अध्यक्षता में बैठक कर चेहल्लुम और डोल मेले को लेकर नगर के सम्मानित व्यक्तियों, अखाड़ा आयोजकों के साथ संवाद कर त्योहारों के बीच आ रही समस्याओं और सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। लोगों से सकुशल और सौहार्दपूर्ण त्योहार मनाने की अपील की गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि डोल मेले में अश्लील गाने न बजाए जाएं। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सोमवार को कसया थाने में सीओ कुंदन सिंह के नेतृत्व में नगर के संभ्रांत लोगों के साथ त्योहारों के लिए संवाद किया गया। इसमें डोल मेले में होने वाली समस्याओं और उनके निराकरण के लिए बातचीत की। आयोजकों ने अपनी- अपनी समस्याएं बताईं। इसमें प्रिंस जायसवाल ने कहा कि कुछ जगहों पर बिजली के तार का ढीले हैं और कुछ जगहों पर पेड़ों की शाखाएं सड़क पर आ गई हैं, जिसे कटवाना जरूरी है।
सीओ ने मौके पर मौजूद कसया जेई शुभम गौड़ को इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। गोपाल शर्मा ने डोल मेले को लेकर सुझाव दिया कि मुकाबला झांकी का हो, अखाड़े का हो, लेकिन आर्केस्ट्रा का न हो। डोल मेले के दौरान नगर पालिका की तरफ से शौचालय दो दिन के लिए मुफ्त कर दिया जाए, जिससे नगर में आने वाले दर्शकों को भटकना न पड़े। वहीं नगरपालिका की ओर से मंच बनवाकर डॉक्टरों की व्यवस्था कर दी जाए, जिससे किसी को चोट लगने पर तत्काल इलाज मिल जाए। पीने के पानी की व्यवस्था होने चाहिए। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल ने हामी भरते हुए व्यवस्था कराने की बात कही।
उन्होंने कहा कि नगर की लाइट मेले के दौरान काट दी जाती है। इस पर बिजली निगम ने ट्रॉली पर बंधे ऊंचे- ऊंचे साउंड काे कारण बताया। सभी आयोजकों से निवेदन किया कि वो अपनी ट्रॉली की हाइट जमीन से 12 से 14 फीट रखें और चौड़ाई भी कम रखें, जिससे बिजली की व्यवस्था को सुचारु रूप से प्राप्त की जा सके।
सीओ ने बताया कि मेले के दौरान दो कंपनी पीएससी मौजूद रहेगी। वहीं 200 अतिरिक्त पुलिस फोर्स जिले से मिली है। 17 थाने के प्रभारी भी मेले की निगरानी करेंगे। मेले में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। उद्दंडता, अश्लील गाना बजाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से बनाए गए पुलिस मित्र की भी भूमिका अहम रहेगी। प्रत्येक डीजे पर पुलिस की तरफ से एक कांस्टेबल की तैनाती रहेगी, जिससे अश्लील गानों पर शिकंजा कसा जा सके। यह आपका अपना त्योहार है, जिसे सौहार्दपूर्ण और आनंदित होकर मनाएं।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी बनी रहेगी, जिससे कोई भड़काऊ पोस्ट, भड़काऊ नारे आदि बिना किसी जानकारी के फॉरवर्ड न की जाए। इस दौरान नायब तहसीलदार संदीप कुमार, एसएचओ अमित शर्मा, एसएसआई प्रविंद कुमार राय, एसआई गौरव श्रीवास्तव, विवेक पांडेय, गौरव शुक्ला, राहुल, आलोक आदि मौजूद रहे।