दुदही (कुशीनगर)। दुदही ब्लॉक के विशुनपुर बरियापट्टी में कोटे की दुकान के चयन में गए एडीओ पंचायत और दो सचिवों को गांव वालों ने एक कमरे बंद कर दिया। गांव के लोगों का आरोप है कि राशन दुकान के चयन को लेकर कई बार तिथि निर्धारित की गई और हर बार इसे स्थगित कर दिया गया। इसके चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
मंगलवार को एडीओ पंचायत रामाश्रय गुप्ता, सचिव प्रमोद कुमार और राहुल मिश्र विशुनपुर बरिया पट्टी गांव में कोटे की दुकान के चयन के लिए पहुंचे। पंचायत भवन पर चयन की प्रक्रिया शुरू कराई गई। इसमें दो दुकानों के लिए चार लोग पंकज कुमार, दुखी गुप्ता, अश्वनी राय, चंद्रिका कुशवाहा ने आवेदन किया। इसके बाद गांव के लोगों ने समर्थन के हाथ उठवाने व मतदान कराने की मांग की। इस पर चयन करने गए एडीओ और सचिव समय का हवाला देते हुए अगली तिथि निर्धारित करने लगे। यह सुन गांव के लोग नाराज हो गए और एडीओ समेत सचिवों को पंचायत भवन के कमरे में बंद कर हंगामा शुरू कर दिया।
गांव के सुभाष यादव, सुभाष कुशवाहा, ध्रुव कुशवाहा, अशोक राय, उदयनारायण राय, परशुराम राय का आरोप है कि सितंबर से अब तक कोटे की दुकान के चयन के लिए पांच बार तारीख निर्धारित की गई और उसे टाल दिया गया। इसके चलते गांव के लोगों को राशन के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सूचना पाकर करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बंद अधिकारियों को मुक्त कराया गया। उधर एडीओ पंचायत रामाश्रय गुप्ता का कहना है कि बंधक बना लिए जाने की कोई बात नहीं है। गांव में चयन को लेकर लोगों ने हंगामा किया था। पुलिस बल की मौजूदगी में अगली बैठक कराकर दुकान का चयन कर लिया जाएगा।