खड़े ट्रक से 50 हजार रुपये चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
रहसू बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में एनएच-28 पर स्थित अमवा वन बैरियर पर खड़े एक ट्रक से 50 हजार रुपये चोरी हो गए। ट्रक चालक ने मधुरिया पुलिस चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बृहस्पतिवार भोर में सिलीगुड़ी से झाडू लादकर ट्रक चालक जोगिंदर सिंह दिल्ली ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि देर रात तुर्कपट्टी क्षेत्र के वन विभाग के अमवा बैरियर का शुल्क कटवाने के लिए रुके थे। उस समय कार्यालय बंद था। खुलने में देर होने के चलते फाटक बंदकर ट्रक में ही सो गए। नींद खुलने पर देखा तो ट्रक की खिड़की खुली थी और ट्रक के अंदर दराज में रखे रुपये नहीं थे। ट्रक चालक का कहना है कि दराज में 50 हजार रुपये रखे थे, जो चोरी हो गए हैं। ट्रक चालक ने मधुरिया पुलिस चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में चौकी प्रभारी रोमेश कुमार का कहना है कि चोरी की जानकारी है। शीघ्र ही चोरी का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।